ABOUT US

संस्था परिचय

ट्रस्ट की स्थापना 2 दिसम्बर  2021 को श्रीगंगानगर निवासी गंगासिंह भारतीय (सुपौत्र श्री बीरबल राम) सुपुत्र श्री श्योकरण, गाँव महियांवाली द्वारा की गई। आपने अपनी सुपुत्री कल्पी (वीरा) के 9 वें जन्म दिवस पर इस प्रन्यास की नींव रखी तथा समाजसेवा के क्षेत्र में आपकी अत्यधिक लगन व जुनून ने ही इस संस्था को जन्म दिया। बचपन से ही आपके हृदय में सम्पूर्ण मानवता के प्रति प्रेम, दया व परोपकार की भावना समाहित है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु शुरूआत में आपने अकेले ही यात्रा शुरु की और 2008 में समाजसेवा के क्षेत्र में पहला कदम रखा। इस यात्रा के दौरान आपने श्रीगंगानगर जिले के 150 से अधिक उ.मा. विद्यालयों में अपनी निःशुल्क मोटिवेशनल सेवाएँ देकर असंख्य विद्यार्थियों का मार्गदर्शन व उत्साहवर्द्धन किया। आप पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क ट्यूशन शिक्षा की व्यवस्था करते आ रहे हैं। आप राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (मटका चौक) श्रीगंगानगर में रमसा द्वारा मनोनित एस.डी.एम.सी. के सदस्य भी रह चुके है। वर्ष 2011 में आपने बोर्ड कक्षा के विद्यार्थियों का परीक्षा संबंधी भय दूर करने तथा उनके उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम हेतु Exam.Guidance Seminar की शुरूआत कर राज्य में एक अच्छी पहल की है। भविष्य में शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार के क्षेत्र में संस्था का विशेष योगदान रहेगा तथा समाज सेवा के हर क्षेत्र में संस्था सदैव अग्रणी रहेगी।

अध्यक्ष की कलम से ….

परमपिता परमात्मा के आशीर्वाद से हमारा संकल्प व लक्ष्य है- पथ विचलित हो रही आज की युवा पीढ़ी को संस्कारवान तथा ग्रामीण बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना। क्योंकि उस शिक्षा का कोई मतलब नहीं, जो इंसानियत न सिखाए और वास्तविक शिक्षा वही है जो किसी को अपने पाँवों पर खड़ा कर सके। हमारी मनोकामना यही है कि हर एक होनहार बेटी का बड़े से बड़ा सपना भी साकार हो, किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई पारिवारिक आर्थिक परेशानी की वजह से बाधित न हो। हम इस बात से बहुत प्रसन्न हैं कि हमें एक महान् उद्देश्य की पूर्ति हेतु चहुँ ओर से भरपूर सहयोग मिल रहा है। मैं समस्त मीडिया परिवार, दानदाता तथा सहयोगियों का तहदिल से आभार प्रकट करता हूँ। इन्हीं शुभकामनाओं के साथ….

जी. एस. भारतीय

जरुरतमंद बेटियों को उच्च शिक्षा (प्रशासनिक सेवा) हेतु समर्पित एकमात्र संस्थान

SRI GANGANAGAR SUPER FORTY

(A Super Study Platform For Brilliant Students Run by Public Co-operation under the observation of Major Gangasingh Trust Sriganganagar)

 

यह प्लेटफॉर्म असंख्य बहिन-बेटियों के लिए एक सुरक्षित व संस्कारित निवास है। यह संस्था अनेक बेटियों के लिए एक गार्जियनशिप है। यह कन्याओं के लिए एक ऐसा आदर्श घर है जहाँ उनको अपने माता-पिता से दूर रहते हुए भी कोई पारिवारिक कमी महसूस नहीं होती। यह संस्था बेटियों के लिए वो सारे फर्ज अदा करती है जो कि एक जागरूक माता-पिता अपनी बेटी को अपने पाँवों पर खड़ा करने के लिए करते हैं।

संस्थान में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को प्रवेश परीक्षा तथा साक्षात्कार देना होता है। तत्पश्चात् अंतिम रूप से चयनित विद्यार्थी को उत्तम मार्गदर्शन, पाठ्यसामग्री व छात्रावास का सम्पूर्ण खर्च यहाँ ट्रस्ट द्वारा ही वहन किया जाता है। तात्पर्य यह है कि कुछ माता-पिता आर्थिक समस्या की वजह से अपनी बिटिया को उच्च शिक्षा (IAS/PCS) दिलाने में असमर्थ हैं इसलिए होनहार छात्राओं को घर पर रहकर ही अपनी तैयारी करनी पड़ रही है तो ऐसे जिज्ञासु विद्यार्थियों के लिए SUPER FORTY एक बहुत अच्छा विकल्प है क्योंकि संस्थान का मुख्य उद्देश्य यही है कि आर्थिक परेशानी की वजह से कोई प्रतिभा दफन न हों………….

माता नारायणी देवी मेधावी बालिका विशेष परवरिश योजना के तहत यहाँ छात्राओं का चयन किया जाता है तथा चयन के बाद संस्थान में प्रवेश शुल्क के रूप में संकल्प के साथ माता-पिता के कर-कमलों से 101 रूपये गुरुदक्षिणा प्राप्त की जाती है। होनहार छात्राएं प्रतिवर्ष 1 मई से 30 जून तक आवेदन कर सकती हैं। इस योजना में केवल कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होनहार बेटियों को ही प्रवेशाधिकार है तथा प्रतिवर्ष 1 जुलाई को नया बैंच शुरू किया जाता है। चयनित विद्यार्थी को SUPER FORTY अधिकतम 36 माह के लिए यह सुअवसर प्रदान करता है।

अब होगा… बेटियों के ऑफिसर बनने का सपना साकार…

दानदाताओं से विनम्र अपील :

यदि आप बेटियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु अपना योगदान देना चाहते हैं तो आप दानस्वरूप- पुस्तक, राशन सामग्री अथवा अन्य जरूरत की वस्तुएं भेंट कर सकते है। इस पावन मिशन के साथ आपका भावात्मक जुड़ाव ही सर्वोत्तम सहयोग व महादान है। प्रन्यास 80G एवम् CSR Approved है।